राज्य
31-May-2026
...


* कांग्रेस नेताओं ने कहा – शिक्षा ही समाज को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम, 21 वर्षों से लाखों विद्यार्थियों को दिशा दे रही है पुस्तक अहमदाबाद (ईएमएस)| कक्षा 12 के बाद विद्यार्थियों को उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसरों की जानकारी प्रदान करने वाली करियर मार्गदर्शन पुस्तक “करियर के दहलीज पर : कक्षा 12 के बाद क्या?” के विमोचन अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के वरिष्ठ महासचिव एवं गुजरात संगठन प्रभारी मुकुल वासनिक ने कहा कि शिक्षा समाज के सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के मीडिया कन्वीनर एवं प्रवक्ता डॉ. मनीष दोशी, जो पिछले 30 वर्षों से शिक्षा क्षेत्र से समर्पित रूप से जुड़े हुए हैं, तथा उनके सहयोगियों द्वारा लगातार 21 वर्षों से इस पुस्तक का प्रकाशन किया जाना केवल एक प्रकाशन कार्य नहीं, बल्कि गुजरात के लाखों युवाओं के भविष्य को सही दिशा देने वाला एक सेवा-यज्ञ है। उन्होंने कहा कि धोरण 10 और धोरण 12 के बाद विद्यार्थियों के सामने करियर निर्माण के अनेक अवसर उपलब्ध होते हैं। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी केवल राजनीति तक सीमित न रहकर समाज की प्रगति, समृद्धि और सशक्तिकरण के लिए रचनात्मक कार्य करती रही है तथा देश के भविष्य माने जाने वाले विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। गरीब और मध्यमवर्गीय विद्यार्थियों के लिए वरदान है यह पुस्तक : अमित चावड़ा पुस्तक विमोचन अवसर पर गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से कांग्रेस पार्टी इस पुस्तक के माध्यम से गुजरात के सीमावर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के हजारों विद्यार्थियों तक पहुंचने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार ने देश को “शिक्षा का मौलिक अधिकार” प्रदान किया था, लेकिन उसके उचित क्रियान्वयन के अभाव में विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में कई बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। गुजरात के विद्यार्थी और अभिभावक अथक परिश्रम कर सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। ऐसे में राज्य सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह विद्यार्थियों के भविष्य को केंद्र में रखकर नीतियां और योजनाएं बनाए। अमित चावड़ा ने कहा कि महंगी करियर काउंसिलिंग फीस वहन करने में असमर्थ परिवारों के लिए यह पुस्तक किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने डॉ. मनीष दोशी और उनके सहयोगियों की इस निरंतर सेवा यात्रा की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। प्रतिभाओं को सही दिशा देने वाला उत्कृष्ट पथप्रदर्शक : शक्तिसिंह गोहिल गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि जब कोई विद्यार्थी धोरण 10 या धोरण 12 उत्तीर्ण करता है, तब उसके सामने करियर के अनेक विकल्प खुले होते हैं। उचित मार्गदर्शन के अभाव में अनेक प्रतिभाएं अपनी पूरी क्षमता का उपयोग नहीं कर पातीं। ऐसे में “करियर के दहलीज पर” पुस्तक विद्यार्थियों के लिए एक उत्कृष्ट मार्गदर्शक की भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में अपने 30 वर्षों के व्यापक अनुभव का सार डॉ. मनीष दोशी ने इस पुस्तक में समाहित किया है, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी और अनुदानित शैक्षणिक संस्थानों की संरचना लगातार कमजोर होती जा रही है, जबकि निजी संस्थानों में फीस का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। राज्य सरकार द्वारा सभी के लिए सुलभ शिक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास कम होते जा रहे हैं और शिक्षा का तेजी से व्यावसायीकरण हो रहा है। पुस्तक केवल पाठ्यक्रमों की जानकारी नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों का भी मार्गदर्शन देती है : डॉ. तुषार चौधरी विधानसभा कांग्रेस दल के नेता डॉ. तुषार चौधरी ने कहा कि केंद्र की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गुजरात को आईआईटी, एनआईडी का नया परिसर, केंद्रीय विश्वविद्यालय और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईआईआईटी) जैसी राष्ट्रीय स्तर की संस्थाएं मिलीं, जो आज राज्य के लिए गौरव और उपलब्धि का प्रतीक बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि “करियर के दहलीज पर” पुस्तक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें केवल विभिन्न पाठ्यक्रमों और करियर विकल्पों की जानकारी ही नहीं दी गई है, बल्कि विद्यार्थियों में मानवीय एवं नैतिक मूल्यों के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को भी समाहित किया गया है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में मूल्यनिष्ठ शिक्षा और सही करियर चयन के लिए यह पुस्तक अत्यंत उपयोगी मार्गदर्शक सिद्ध होगी। 300 से अधिक पाठ्यक्रमों और 40 से अधिक प्रवेश परीक्षाओं की जानकारी शामिल : डॉ. मनीष दोशी लगातार 21वें वर्ष प्रकाशित हो रही “करियर के दहलीज पर : धोरण 12 के बाद क्या?” पुस्तक के संबंध में गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के मीडिया कन्वीनर एवं प्रवक्ता डॉ. मनीष दोशी (इंजीनियर) ने बताया कि पुस्तक में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए धोरण 10 और धोरण 12 के बाद उपलब्ध 300 से अधिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि पुस्तक में विभिन्न विशेष करियर आधारित पाठ्यक्रमों के साथ-साथ राज्य की कॉलेजों, पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्तियों, शिक्षा संबंधी योजनाओं तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों की संख्या जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी शामिल की गई हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं की जानकारी के साथ 40 से अधिक प्रवेश परीक्षाओं का विस्तृत विवरण भी पुस्तक में उपलब्ध है। डॉ. दोशी ने कहा कि देश में भविष्य की मांग और रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध नौकरी के अवसरों पर विशेष जानकारी भी इस पुस्तक में दी गई है। उन्होंने कहा कि धोरण 12 के बाद राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों के लिए अनेक शैक्षणिक अवसर उपलब्ध हैं, आवश्यकता केवल समय पर और सही मार्गदर्शन की है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों तथा करियर मार्गदर्शन से जुड़ी संस्थाओं के सहयोग से अधिकतम जानकारी सरल और व्यवस्थित रूप में विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया है, ताकि वे अपने भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय बेहतर तरीके से ले सकें। सतीश/31 मई