राज्य
31-May-2026
...


अलीगढ़ (ईएमएस)। थाना सासनी गेट चैराहे पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती समारोह के दौरान ट्रैक्टर से स्टंट करने को लेकर विवाद में कुछ लोगों ने एक दरोगा के साथ मारपीट कर दी। जिसमें दरोगा के हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसके बाद भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी आदित्य बंसल तुरंत भारी पुलिस फोर्स के साथ सासनी गेट चैराहे पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ही कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दरोगा के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सासनी गेट चैराहे पर अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान कार्यक्रम में शामिल कुछ युवक ट्रैक्टर से स्टंट करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब सुरक्षा का हवाला देते हुए स्टंटबाजी को रोकने का प्रयास किया, तो वहां मौजूद कुछ कार्यकर्ता और युवक पुलिस से उलझ गए। बहस देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात दरोगा के साथ मारपीट कर दी। दरोगा पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तीन-चार कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की खबर फैलते ही आयोजन से जुड़े लोग और उनके समर्थक भड़क गए और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। दूसरी ओर, कार्यक्रम के संयोजक जवाहरलाल बघेल ने पुलिस प्रशासन पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में घोर लापरवाही बरती है। पुलिस की इसी सुस्ती और अव्यवस्था के कारण मौके पर हालात बिगड़े और यह पूरा घटनाक्रम हुआ। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 31 मई 2026