राज्य
31-May-2026
...


- समाजसेवी डॉ. विनायक जैन लूनिया ने केंद्र एवं राज्य सरकारों से की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग इंदौर (ईएमएस)। देशभर में जैन संतों पर हो रहे हमलों और तीर्थस्थलों की सुरक्षा को लेकर समाजसेवी डॉ. विनायक अशोक जैन लूनिया ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से पुरजोर मांग की है कि जैन संतों, मंदिरों और पवित्र तीर्थस्थलों की सुरक्षा के लिए तत्काल विशेष व्यवस्था लागू की जाए। डॉ. लूनिया ने कहा कि अहिंसा, संयम और करुणा का संदेश देने वाले जैन संतों के साथ घट रही हिंसक घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से कई मामले सुनियोजित प्रतीत होते हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस और कठोर कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। सरकार से त्वरित कदम उठाने का आग्रह करते हुए उन्होंने मांग की कि पैदल विहार करने वाले जैन संतों को अनिवार्य रूप से सुरक्षा व्यवस्था दी जाए और देश के सभी प्रमुख जैन तीर्थों तथा प्राचीन मंदिरों की सुरक्षा को पुख्ता किया जाए। डॉ. लूनिया ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि जैन समाज की इन जायज और सुरक्षा संबंधी मांगों की निरंतर अनदेखी की गई, तो देशव्यापी स्तर पर समाज में व्यापक असंतोष उत्पन्न हो सकता है। प्रकाश/31 मई 2026