क्षेत्रीय
31-May-2026
...


- ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगलवार पर भव्य महाआरती, श्रद्धालुओं में उत्साह देवास (ईएमएस)। ज्येष्ठ माह के पावन अवसर पर शहर के प्रसिद्ध श्री खेड़ापति मारुति मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। महात्मा गांधी मार्ग स्थित मंदिर में 2 जून, मंगलवार को ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगलवार के उपलक्ष्य में भगवान हनुमान का विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार 801 किलो केले से किया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर को भी विशेष रूप से सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। मंदिर के पुजारी पंडित दर्शन उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष ज्येष्ठ माह में कुल 8 बड़े मंगलवार पड़ रहे हैं। प्रत्येक बड़े मंगलवार को भगवान श्री खेड़ापति मारुति का विशेष श्रृंगार कर भव्य महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पांचवें बड़े मंगलवार पर भक्तों के लिए विशेष धार्मिक आयोजन रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मंदिर को केले सहित अन्य आकर्षक सजावटी सामग्री से सजाया जाएगा। भगवान हनुमान का मनोहारी श्रृंगार एवं अलौकिक दर्शन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद प्रदान करेंगे। पंडित उपाध्याय ने समस्त भक्तों से अपील की है कि जो श्रद्धालु बाबा के विशेष श्रृंगार एवं धार्मिक आयोजन में सहयोग करना चाहते हैं, वे अपनी श्रद्धानुसार दान कर सकते हैं। आयोजन के उपरांत केले की प्रसादी का वितरण भक्तों के बीच किया जाएगा। मंदिर पुजारी ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री हनुमानजी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है। ईएमएस/ मोहने/ 31 मई 2026