क्षेत्रीय
31-May-2026
...


नर्मदापुरम(ईएमएस)। ग्रीष्म ऋतु में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संभागीय उड़न दस्ता दल और स्थानीय खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने गत दिवस नर्मदापुरम जिले की दो आइसक्रीम फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया।संयुक्त दल ने रैसलपुर स्थित नावेल्टी फ्रोजेन फूड्स और नर्मदापुरम की सरिता आइसक्रीम यूनिट में दबिश दी। जांच के दौरान दोनों फैक्ट्रियों में लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाया गया। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। टीम ने नावेल्टी फ्रोजन फूड से आइसक्रीम, आइस कैंडी, साइट्रिक एसिड, मिल्क पाउडर, फ्लेवर समेत कुल 07 नमूने लिए। वहीं सरिता आइसक्रीम से ऑरेंज लाली, नारियल बूरा, साइट्रिक एसिड, वेजिटेबल फैट सहित 05 नमूने संग्रहित किए गए। सभी 12 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावार ने बताया, लैब से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। गर्मी में दूषित आइसक्रीम से स्वास्थ्य को खतरा बढ़ जाता है, इसलिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में भी जिले में इस तरह के औचक निरीक्षण नियमित रूप से किए जाएंगे। राजीव अग्रवाल, ३१ मई, २०२६