स्वच्छता मानकों की धज्जियां उड़ाने पर 10 हजार का जुर्माना। बर्तन और सामग्री जब्त निगम कमिश्नर के सख्त निर्देश। शहर भर में चलेगा खाद्य पदार्थों की जांच का विशेष अभियान भोपाल (ईएमएस) । राजधानी भोपाल के भदभदा चौराहा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से संचालित की जा रही एक कुल्फी फैक्ट्री पर नगर निगम के अमले ने रविवार को बड़ी कार्यवाही की। जन स्वास्थ्य और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का मखौल उड़ाने वाली इस फैक्ट्री को निगम ने सील कर परिसर में तालाबंदी कर दी है। मौके पर मौजूद संचालक शकील खान से 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया और कुल्फी निर्माण में इस्तेमाल होने वाले दूषित बर्तन व सामग्री को जब्त कर लिया गया। मस्जिद-मदरसे के बीच चल रहा था अवैध खेल निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देशों पर जोन क्र. 21 के अमले ने रविवार को भदभदा क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान टीम को भदभदा चौराहा स्थित मदरसा एवं मस्जिद के बीच एक शेडनुमा भवन में अवैध रूप से कुल्फी बनाने का कारखाना चलता मिला। अत्यंत गंदगी के बीच बन रही थी कुल्फी निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री के भीतर का नजारा बेहद भयावह था। परिसर में चारों तरफ गंदगी पसरी हुई थी। जिस बर्तन और सामग्री से कुल्फी तैयार की जा रही थी, वे बेहद गंदे और दूषित थे, जो सीधे तौर पर नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ था। स्वच्छता मानकों का पूरी तरह उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने तत्काल फैक्ट्री को बंद कराकर ताला ठोक दिया। मिलावटी और अस्वच्छ सामग्री बेचने वालों की खैर नहीं इस बड़ी कार्यवाही के बाद निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने कड़े रुख के संकेत दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अमले को निर्देशित किया है कि पूरे भोपाल शहर में खाद्य एवं पेय पदार्थों के निर्माण, विक्रय और भंडारण स्थलों का सघन निरीक्षण एक अभियान के रूप में किया जाए। जो भी संस्थान या व्यक्ति स्वच्छता और जन स्वास्थ्य के मानकों का उल्लंघन करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त से सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। उल्लेखनीय है कि भदभदा क्षेत्र वही इलाका है, जहाँ कुछ समय पूर्व ही प्रशासन और निगम ने मिलकर बड़ी संख्या में अवैध अतिक्रमणों को हटाने की एक बड़ी मुहिम चलाई थी। अतिक्रमण के बाद अब अवैध और अस्वच्छ रूप से चल रहे ऐसे कारखानों पर निगम की इस कार्यवाही से हड़कंप मच गया है।