रायपुर (ईएमएस)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ‘ऑपरेशन काल चक्र-03’ के तहत विशेष कॉम्बिंग गश्त और सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए 109 वारंटों की तामीली की गई और 8 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में गुढ़ियारी, उरला, खमतराई, पंडरी, खम्हारडीह थाना एवं रामनगर चौकी की संयुक्त टीमों ने हिस्सा लिया। अभियान का उद्देश्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों की तामीली तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना था। अभियान के दौरान कुल 109 वारंटों का निष्पादन किया गया, जिनमें 23 स्थायी वारंट, 31 गिरफ्तारी वारंट, 55 जमानतीय वारंट शामिल हैं। पुलिस ने विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी की गिरफ्तारी भी शामिल है। शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत 50 प्रकरणों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अलावा आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और चाकूबाजों की विशेष जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की गई। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/31 मई 2026