- निगमायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संभाला मोर्चा जबलपुर (ईएमएस)। गोपालबाग तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने रविवार से विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की। अभियान के दौरान निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने तालाब क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता कार्य में भागीदारी निभाई। उन्होंने फावड़ा और तगाड़ी उठाकर कर्मचारियों के साथ सफाई कार्य किया तथा अभियान का जायजा लिया। करीब दो घंटे तक चले अभियान में नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और सफाई मित्र एकजुट होकर जुटे रहे। इस दौरान तालाब के घाटों एवं आसपास के क्षेत्र से प्लास्टिक कचरा, सूखी गंदगी और जलीय खरपतवार हटाए गए, जिससे परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार दिखाई दिया। नगर निगम ने नागरिकों से भी तालाबों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। निगमायुक्त ने कहा कि तालाबों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए निगम लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन इसके लिए आमजन की सहभागिता भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से तालाब में कचरा, प्लास्टिक और पूजा सामग्री नहीं फेंकने का आग्रह किया। सुनील /शहबाज / 31 मई 2026/ 07.00