:: पांच आरोपी गिरफ्तार, क्रेटा और एस-क्रॉस कार सहित करीब 20 करोड़ 35 लाख का माल-मशरुका जब्त; राजस्थान तक फैला था नेटवर्क मंदसौर/इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश को नशा मुक्त करने के संकल्प के साथ पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। मंदसौर पुलिस ने एक सुनियोजित घेराबंदी कर अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 किलोग्राम अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। आबकारी और पुलिस बल की संयुक्त मुस्तैदी के बाद रविवार को थाना नई आबादी पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि तस्करों का एक गिरोह बड़ी खेप लेकर मंदसौर के रास्ते से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीतिक रूप से घेराबंदी की। :: पायलटिंग कर रही कारें भी पुलिस के कब्जे में :: नाकाबंदी के दौरान जब संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई, तो पुलिस की आंखें फटी रह गईं। आरोपियों के पास से 20 किलो उच्च गुणवत्ता वाली ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी और रूट की पायलटिंग में प्रयुक्त हो रही एक सुजुकी एस-क्रॉस और एक हुंडई क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 7 हजार 700 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों और सामान को मिलाकर कुल संपत्ति 20 करोड़ 35 लाख रुपये से अधिक की है। :: साइबर टीम खंगाल रही मोबाइल, सप्लायरों पर नजर :: पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने बताया कि जब्त किए गए सभी 7 मोबाइल फोनों को तकनीकी और साइबर विश्लेषण (साइबर फॉरेंसिक) के लिए भेजा गया है। इसके जरिए गिरोह के पूरे नेटवर्क, मुख्य सप्लायरों और नशे के इस काले कारोबार में हुए वित्तीय लेनदेन (मनी ट्रेल) से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को खंगाला जा रहा है। :: मध्यप्रदेश और राजस्थान में सक्रिय था गिरोह :: प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया है कि वे मध्यप्रदेश और राजस्थान सहित देश के अन्य राज्यों में सक्रिय रहकर बड़े पैमाने पर ड्रग्स की सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस गिरोह की पूरी सप्लाई चेन और अवैध आर्थिक साम्राज्य को ध्वस्त करने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले इन तस्करों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपी को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। प्रकाश/31 मई 2026