- दीपक तिजोरी ने कहा- राहुल को लेकर फैल रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं मुंबई,(ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता दीपक तिजोरी ने अपने करीबी दोस्त और फिल्म ‘आशिकी’ के सह-कलाकार राहुल रॉय को लेकर फैल रही अफवाहों पर कहा कि राहुल पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं। उनके बारे में जो चल रही कई खबरें सच्चाई से परे हैं। इसके साथ ही दीपक ने नए होम सिनेमा प्लेटफॉर्म ‘किस्सा शुरू टॉकिज’ और फिल्म इंडस्ट्री में आए बदलावों पर भी अपने विचार रखे। राहुल रॉय के बारे में चल रही चर्चाओं पर दीपक ने कहा कि वह नियमित रूप से उनके संपर्क में रहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल रॉय आज भी उनके बेहद करीबी दोस्त हैं और पूरी तरह ठीक हैं। दीपक ने कहा कि कलाकारों के बारे में कई बार ऐसी खबरें चलती हैं, जिनका वास्तविकता से कोई लेना देना नहीं होता। उन्होंने इसे फिल्म इंडस्ट्री की एक सामान्य समस्या बताया। उन्होंने बताया कि ‘किस्सा शुरू टॉकिज’ से जुड़े संतोष शशिकांत बेराजदार को वह उनके करियर की शुरुआत से जानते हैं। दीपक ने कहा कि मैंने संतोष को लगातार आगे बढ़ते हुए देखा है और हमेशा महसूस किया कि उनके भीतर कुछ नया करने की क्षमता है। दीपक ने बताया कि जब संतोष ने उन्हें इस प्लेटफॉर्म का विचार बताया, तो उन्हें यह काफी प्रभावशाली लगा और उन्होंने तुरंत इससे जुड़ने का फैसला लिया। दीपक ने बताया कि किस्सा शुरू टॉकिज उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है, जो गांवों और दूर-दराज के इलाकों में रहते हैं। कई क्षेत्रों में लोगों को नई फिल्में देखने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। कई बार फिल्में रिलीज होने के महीनों या सालों बाद वहां तक पहुंच पाती हैं। ऐसे में यह प्लेटफॉर्म लोगों को हर शुक्रवार घर बैठे नई फिल्में देखने का अवसर देगा। 99 रुपए के शुल्क और ओटीटी प्लेटफॉर्म से तुलना के सवाल पर दीपक ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म की अवधारणा ओटीटी से अलग है। मेरा मानना है कि यह सीधे फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचाने का एक नया माध्यम है। 90 के दशक और वर्तमान समय की फिल्म इंडस्ट्री के बीच अंतर पर बात करते हुए दीपक तिजोरी ने कहा कि पहले सोशल मीडिया का प्रभाव नहीं था। इसलिए किसी फिल्म के फ्लॉप होने या कलाकारों से जुड़ी खबरों को लेकर इतनी चर्चा नहीं होती थी। आज हर व्यक्ति के पास अपनी राय रखने का मंच है, जिसके कारण छोटी-छोटी बातें भी बड़े स्तर पर चर्चा का विषय बन जाती हैं। सिराज/ईएमएस 01 जून 2026