मनोरंजन
01-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। पहले से ही साउथ की अपकमिंग फिल्म अंडर 18 को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है। अब फिल्म में सुपरस्टार किच्चा सुदीप की एंट्री ने फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया है। हाल ही में फिल्म निर्माताओं ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की। फिल्म का निर्माण कर रही एसआर प्रोडक्शन्स ने इंस्टाग्राम पोस्ट साझा करते हुए किच्चा सुदीप का स्वागत किया। पोस्ट में लिखा गया, “बादशाह आ चुके हैं। पावरहाउस परफॉर्मर किच्चा सुदीप का ‘अंडर 18’ में स्वागत है। सफर में एक बड़ा बदलाव अब शुरू होता है।” इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोग अब यह जानने के लिए और ज्यादा उत्साहित हैं कि फिल्म में किच्चा सुदीप किस तरह का किरदार निभाने वाले हैं। हालांकि, निर्माताओं ने अभी उनके रोल को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। फिल्म का निर्देशन कार्तिक पेरुमल स्वामी कर रहे हैं। खास बात यह है कि वह इससे पहले चर्चित निर्देशक वेट्रीमारन के साथ बतौर एसोसिएट डायरेक्टर काम कर चुके हैं। फिल्म में ऐश्वर्या राजेश और विक्रांत मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं अभिनेता किशोर भी फिल्म में अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। बताया जा रहा है कि ‘अंडर 18’ एक इमोशनल ड्रामा फिल्म होगी, जिसमें अपराध की दुनिया का ऐसा चेहरा दिखाया जाएगा जो आमतौर पर लोगों की नजरों से दूर रहता है। फिल्म सिर्फ अपराध की कहानी तक सीमित नहीं होगी, बल्कि यह भी दिखाएगी कि किसी एक घटना का असर पूरे परिवार की जिंदगी पर किस तरह पड़ता है। निर्देशक कार्तिक पेरुमल स्वामी ने इस फिल्म की कहानी के लिए तमिलनाडु में अपराध से जुड़े कई अनजान पहलुओं पर रिसर्च की है। सूत्रों के मुताबिक, फिल्म की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म की शूटिंग तमिलनाडु के कई इलाकों में की जाएगी, जिनमें होसूर, चेंगालपटटू और चेन्नई शामिल हैं। सुदामा/ईएमएस 01 जून 2026