नई दिल्ली (ईएमएस)। अपनी 350 सीसी श्रेणी की बाइक्स की कीमतों में ट्रायम्फ मोटरसाइकिल इंडिया ने बढ़ोतरी की घोषणा कर दी है। कंपनी के वाहनों की नई दरें 1 जून 2026 से लागू होंगी। चार प्रमुख मॉडलों की कीमतों में कंपनी ने 2,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की वृद्धि की है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी स्क्रैम्बलर 400 एक्ससी और थ्रक्सटन 400 की कीमतों में की गई है। इन दोनों मॉडलों के लिए ग्राहकों को अब 5,000 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। वहीं स्पीड टी4 की कीमत 4,000 रुपये और स्पीड 400 की कीमत 2,000 रुपये बढ़ा दी गई है। गौरतलब है कि ट्रायम्फ और बजाज ऑटो ने इस वर्ष की शुरुआत में अपने 400 सीसी प्लेटफॉर्म को नए 350 सीसी इंजन के साथ पेश किया था। इंजन क्षमता में बदलाव का उद्देश्य कर ढांचे का लाभ उठाना था, लेकिन इसके बावजूद कीमतों में अपेक्षित कमी नहीं की गई थी। अब लॉन्च के कुछ ही समय बाद कीमतें बढ़ाए जाने से ग्राहकों के बीच चर्चा शुरू हो गई है। कंपनी की ओर से ट्रैकर 400 और स्क्रैम्बलर 400 एक्स की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि भविष्य में इन मॉडलों की कीमतों की समीक्षा की जा सकती है। कीमतों में वृद्धि के बावजूद ट्रायम्फ की मोटरसाइकिलें अपने सेगमेंट में आधुनिक फीचर्स, लिक्विड-कूल्ड इंजन, प्रीमियम सस्पेंशन और बेहतर प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं। सुदामा/ईएमएस 01 जून 2026