नामखाम,(ईएमएस)। उत्तरी म्यांमार के शान राज्य स्थित नामखाम जिले के एक गांव में रविवार को एक इमारत में भीषण धमाका हो गया। इस दर्दनाक हादसे में बच्चों समेत कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मलबे से उठता हुआ धुएं का गुबार काफी दूर से ही साफ देखा जा सकता था। इलाके पर नियंत्रण रखने वाले स्थानीय विद्रोही गुट ताआंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (टीएनएलए) के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। उन्होंने बताया कि पत्थर की खदानों और खनन के काम में इस्तेमाल होने वाले व्यावसायिक विस्फोटकों में अचानक और अनजाने में हुए विस्फोट के कारण यह तबाही मची। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घटनास्थल पर जमीन में एक विशाल गड्ढा बन गया और आसपास की कई इमारतें पूरी तरह जमींदोज हो गईं। चारों तरफ जले हुए मलबे और पेड़ों के अवशेष बिखरे नजर आए। सुरक्षा कारणों से नाम गुप्त रखते हुए एक आपातकालीन बचावकर्मी ने बताया कि इस धमाके ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और बचावकर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में सेना द्वारा तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा करने के बाद से ही म्यांमार गहरे गृहयुद्ध और अशांति के दौर से गुजर रहा है। वहां की सैन्य सरकार लगातार लोकतंत्र समर्थक गुरिल्लाओं और शक्तिशाली जातीय अल्पसंख्यक सशस्त्र समूहों के साथ संघर्ष में उलझी हुई है, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। वीरेंद्र/ईएमएस/01जून2026