क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के विश्व स‌द्भावना भवन में नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ सबरी सेवा संस्थान, कोरबा के संचालक ए. केरकेट्टा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन बी.के. शेखर रामसिंह ‌द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि ए. केरकेट्टा ने अपने उ‌द्बोधन में कहा कि तंबाकू और अन्य मादक पदार्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए हानिकारक हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक एवं मूल्यनिष्ठ जीवन अपनाने की प्रेरणा दी तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान बी.के. मधुबाला द्वारा सभी उपस्थितजनों को राजयोग मेडिटेशन का गहन अभ्यास कराया गया। मेडिटेशन के माध्यम से उन्होंने आत्मिक शांति, मानसिक सशक्तिकरण एवं नशे जैसी बुरी आदतों से मुक्त होने के लिए सकारात्मक संकल्पों का अनुभव कराया। इसी तारतम्य में कोरबा रेलवे स्टेशन में भी विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेलवे के स्टेशन मास्टर एवं बी.के. बिंदु विशेष रूप से उपस्थित रही। स्टेशन मास्टर ने अपने उ‌द्बोधन में कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती है तथा इसके प्रति जागरुकता फैलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं बी.के. बिंदु ने कहा कि आध्यात्मिक जीवनशैली और आत्मचिंतन के द्वारा व्यक्ति अपने जीवन को व्यसनों से मुक्त कर सकता है। - 01 जून