- ऑनलाइन टेस्ट देते समय उठाया आत्मघाती कदम - इकलौती बेटी की मौत से परिवार में कोहराम कोडरमा (ईएमएस)। झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहाँ नीट परीक्षा रद्द होने से गहरे अवसाद में डूबी एक 16 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना चित्रगुप्त नगर स्थित एक किराए के मकान में हुई। मृतका की पहचान स्थानीय एलआईसी एजेंट संजय कुमार सिंह की इकलौती बेटी रुचि कुमारी के रूप में की गई है। मृतका के पिता ने बताया कि रुचि ने पिछले महीने ही नीट की परीक्षा दी थी। पेपर बहुत अच्छा होने के कारण वह अपनी सफलता को लेकर काफी खुश और आश्वस्त थी। लेकिन कुछ ही दिनों बाद जब नीट परीक्षा रद्द होने की खबर आई, तो उसकी खुशियां मातम में बदल गईं। परीक्षा रद्द होने के बाद से ही वह लगातार डिप्रेशन में रहने लगी थी। माता-पिता ने उसे इस मानसिक तनाव से बाहर निकालने की काफी कोशिश की और अगली बार और बेहतर तैयारी करने का हौसला भी दिया, लेकिन वह इस झटके को बर्दाश्त नहीं कर पाई। रविवार रात को रुचि अपने कमरे में नीट की ऑनलाइन कोचिंग से जुड़ी एक परीक्षा दे रही थी। उसी दौरान उसके माता-पिता खाना खाने बैठे थे। काफी देर तक जब रुचि कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिजनों ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। भीतर से कोई जवाब न मिलने पर जब पिता ने दरवाजा तोड़ा, तो रुचि पंखे के फंदे से लटकी हुई मिली। फंदे से नीचे उतारे जाने तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची तिलैया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। - ईएमएस 01 जून 2026