क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


पटना, (ईएमएस)। पटना से सटे फुलवारी शरीफ इलाके के मंझौली गांव में एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। पीपल के पेड़ पर साड़ी से बने झूले पर खेलते समय उसका गला फंदे में फंस गया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान मंझौली गांव निवासी आदित्य कुमार (14 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आदित्य रोज की तरह खेलने के लिए घर से निकला था। गांव के पास स्थित एक पुराने पीपल के पेड़ पर बच्चों ने साड़ी की मदद से झूला बना रखा था, जहां अक्सर बच्चे खेलते थे। घटना वाले दिन आदित्य वहां अकेला पहुंचा था। स्थानीय लोगों ने कहा कि खेलते समय साड़ी से बना झूला किसी तरह उसके गले में फंस गया। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण उसे समय पर मदद नहीं मिल सकी। कुछ देर बाद एक राहगीर की नजर पेड़ पर लटके आदित्य पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और आदित्य को नीचे उतारकर अस्पताल ले गए। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। परिजनों का कहना है कि गांव के कई बच्चे रोज उस झूले पर खेलते थे। यदि हादसे के समय वहां कोई अन्य बच्चा या व्यक्ति मौजूद होता तो संभवतः समय रहते उसकी जान बचाई जा सकती थी। आदित्य की बुआ ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना एक स्थानीय व्यक्ति के फोन से मिली। जब वे मौके पर पहुंचीं, तब आदित्य की हालत बेहद गंभीर थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। - ०१ जून/२०२६/ईएमएस