01-Jun-2026
...


-जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की कर रहे तैयारी -शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन की घोषणा नई दिल्ली,(ईएमएस)। सोशल मीडिया पर चर्चित मंच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 6 जून को भारत लौटने और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी उन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट ‘कॉकरोच इज बैक’ के माध्यम से साझा की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ मंच की चर्चा उस समय शुरू हुई जब भारत के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के बाद इससे जुड़े व्यंग्यात्मक और राजनीतिक कंटेंट वायरल होने लगे। सीजेपी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स होने का दावा किया जा रहा है, जिससे इसकी डिजिटल पहुंच का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स अकाउंट फिलहाल प्रतिबंधित है। दिल्ली हाईकोर्ट ने 29 मई को अकाउंट से प्रतिबंध हटाने की मांग पर तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया था। 30 वर्षीय अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के छत्रपति सांभाजीनगर के निवासी हैं और डिजिटल मीडिया रणनीतिकार के रूप में पहचान रखते हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वर्तमान में अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस विषय में मास्टर्स कर रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, दिपके वर्ष 2020 से 2022 के बीच अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के लिए सोशल मीडिया रणनीतिकार के रूप में काम कर चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान वे वायरल मीम आधारित डिजिटल प्रचार अभियानों से जुड़े रहे थे। बाद में उन्होंने उच्च शिक्षा और करियर के अवसरों के लिए अमेरिका का रुख किया। हिदायत/ईएमएस 01जून26