राष्ट्रीय
01-Jun-2026
...


जयपुर,(ईएमएस)। सोमवार को राजस्थान दौरे पर पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान ने राज्य की सियासत में हलचल पैदा कर दी। जयपुर एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की तारीफ कर कहा, पीसीसी और सीएलपी मिलकर अच्छा काम कर रहे हैं। बाकी राज्यों के लिए भी अच्छे उदाहरण हो आप। इस मुलाकात के वक्त पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद थे। राहुल गांधी के इन प्रशंसा भरे शब्दों से उत्साहित डोटासरा ने तुरंत इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने लिखा कि राहुल गांधी के अनमोल शब्द और उनकी सराहना हमारे लिए बहुत मायने रखती है। उन्होंने राहुल गांधी के विश्वास, प्रोत्साहन और प्रेरणादायी नेतृत्व के लिए धन्यवाद देकर कहा कि उनका मार्गदर्शन उन्हें लोगों के लिए अथक परिश्रम करने और राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने वाले मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है। आशीष दुबे / 01 जून 2026