० कोरोना काल की मुश्किलों से उबरकर अब दो ठेलों से कर रहे फल व्यवसाय रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के ब्रम्हदेईपारा, खमतराई निवासी फल व्यवसायी सोहन लाल साहू के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना कठिन समय में सहारा साबित हुई। कोरोना संक्रमण काल में आर्थिक संकट का सामना कर रहे उनके परिवार को इस योजना से नई उम्मीद मिली और आज वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर रहे हैं। सोहन लाल साहू ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान उनके परिवार के भरण-पोषण में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आय के सीमित साधनों के कारण दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना भी चुनौती बन गया था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उनका आवेदन रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा जमा कराया गया। योजना के प्रथम चरण में उन्हें 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपने फल व्यवसाय को आगे बढ़ाने में किया। समय पर ऋण चुकाने के कारण उन्हें योजना के दूसरे चरण का लाभ भी मिला। द्वितीय चरण में प्राप्त ऋण की सहायता से सोहन लाल साहू ने एक अतिरिक्त ठेला खरीदा। वर्तमान में वे दो ठेलों के माध्यम से फल व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। व्यवसाय में लगातार वृद्धि होने से उनकी आय में भी सुधार हुआ है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। सोहन लाल साहू ने बताया कि वे अब योजना के अगले चरण के तहत 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त कर अपने फल व्यवसाय का और विस्तार करना चाहते हैं। उनका मानना है कि इससे रोजगार और आय के नए अवसर विकसित होंगे। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/01 जून 2026