रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के संत कबीर दास वार्ड क्रमांक 3 अंतर्गत डबरापारा सूर्यानगर गोगांव निवासी महिला श्रमवीर सुशीला जंघेल के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना वरदान साबित हुई। कोरोना महामारी के दौरान आर्थिक संकट से जूझ रहे उनके परिवार को इस योजना ने नई दिशा दी और आज वे सफलतापूर्वक स्वरोजगार कर अपने परिवार का जीवन स्तर बेहतर बना रही हैं। सुशीला जंघेल ने बताया कि वे पहले रोजी-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। कोविड-19 महामारी के दौरान कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया, जिससे परिवार के सामने दो वक्त की रोटी की व्यवस्था करना भी चुनौती बन गया। रोजगार के अवसर नहीं मिलने और सीमित बचत के कारण आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही थी। कोरोना काल में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी उन्हें रायपुर नगर पालिक निगम के माध्यम से मिली। इसके बाद उन्होंने चॉइस सेंटर के जरिए आवेदन किया और कुछ ही दिनों में बैंक ऑफ बड़ौदा की गुढियारी शाखा से 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। प्राप्त ऋण राशि से सुशीला जंघेल ने फल व्यवसाय शुरू किया। मेहनत और लगन के साथ व्यवसाय संचालित करते हुए उन्होंने न केवल परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं बल्कि समय पर ऋण का भुगतान भी किया। इसके परिणामस्वरूप उन्हें योजना के दूसरे चरण में 20 हजार रुपये तथा तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण भी प्राप्त हुआ। सुशीला जंघेल का कहना है कि स्वनिधि योजना से प्राप्त ऋण ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। अब बच्चों की शिक्षा बेहतर ढंग से संचालित हो रही है और परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति भी आसानी से हो रही है। योजना से उन्हें आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी मिली है। फल व्यवसाय में सफलता मिलने के बाद सुशीला जंघेल अब अपने कारोबार का विस्तार करने की योजना बना रही हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में फल व्यवसाय के साथ जूता-चप्पल का व्यवसाय भी शुरू करने का लक्ष्य है, जिससे आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा सकें। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/01 जून 2026