क्षेत्रीय
01-Jun-2026


पौध संरक्षण औषधि के नमूने जांच हेतु लिए गए नर्मदापुरम (ईएमएस)। ग्राम हिरनखेड़ा तहसील सिवनी मालवा के एक कृषक द्वारा शिकायत की गई थी कि उनके द्वारा श्री कृष्णा एग्रो एजेंसी, मालाखेड़ी नर्मदापुरम से मूंग फसल के लिए पौध संरक्षण औषधि क्रय कर खेत में प्रयोग की गई थी। औषधि के उपयोग के उपरांत मूंग की फसल खराब हो गई। शिकायत प्राप्त होने पर उपसंचालक कृषि द्वारा कृषि वैज्ञानिक सहित जांच दल का गठन किया गया। गठित जांच दल ने कृषक के खेत का निरीक्षण किया, जिसमें मूंग की फसल खराब पाई गई। उपसंचालक कृषि के निर्देशानुसार आज दिनांक 01 जून 2026 को अनुविभागीय अधिकारी कृषि श्री राजीव यादव एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती जयश्री देशमुख द्वारा विक्रेता की दुकान श्री कृष्णा एग्रो एजेंसी, मालाखेड़ी नर्मदापुरम का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पौध संरक्षण औषधियों की गुणवत्ता की प्रयोगशाला में जांच हेतु कृषक द्वारा प्रस्तुत बिल में उल्लेखित औषधियों के नमूने विक्रेता की दुकान से लिए गए हैं। संबंधित नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 01 जून 2026