क्षेत्रीय
01-Jun-2026


कलेक्टर ने पर्यटकों से की विलेज टूरिज्म एवं इको टूरिज्म को बढ़ावा देने की अपील नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने ग्रामीण पर्यटन को आत्मनिर्भर गांवों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए नागरिकों से विलेज टूरिज्म को बढ़ावा देने एवं स्थानीय पर्यटन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पर्यटन के माध्यम से न केवल गांवों की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान मिल रही है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण पर्यटन एवं इको टूरिज्म मध्यप्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक जीवन शैली एवं प्राकृतिक सौंदर्य को नजदीक से जानने और अनुभव करने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने परिवार के साथ होम-स्टे में अवश्य आएं तथा ग्रामीण परिवेश, भारतीय लोक संस्कृति और प्राकृतिक वातावरण को करीब से जानें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित हो रहे होम-स्टे पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खान-पान एवं प्राकृतिक जीवन शैली का विशेष अनुभव प्रदान कर रहे हैं। यहां आने वाले पर्यटक मिलेट्स से बने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेते हुए गांव की संस्कृति और आत्मीयता को महसूस कर सकते हैं। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने नागरिकों से पर्यटन स्थलों एवं प्राकृतिक क्षेत्रों को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता ही पर्यटन को स्थायी और प्रभावी बना सकती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा देने, पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेने तथा ग्रामीण पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इन होम-स्टे में आने की अपील की। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 01 जून 2026