क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | चंबल वाटर प्रोजेक्ट के अंतर्गत ग्वालियर शहर को पेयजल उपलब्ध कराने हेतु संचालित महत्वाकांक्षी परियोजना के सुचारू एवं सफल संचालन के लिए नगर निगम ग्वालियर जिला प्रशासन मुरैना एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक मुरैना कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय, तकनीकी पहलुओं तथा कार्यों के निर्बाध संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा कि स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पेयजल आमजन की मूलभूत आवश्यकता है और इसे प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है। बैठक में नगर निगम ग्वालियर आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि चंबल प्रोजेक्ट के संचालन में जो भी समस्या आ रही है, उसे नगर निगम ग्वालियर एवं जिला प्रशासन मुरैना के समन्वय से दूर कर लिया जाएगा। जिससे आम नागरिकों को चंबल प्रोजेक्ट योजना का लाभ शीघ्र मिल सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, अपर आयुक्त नगर निगम ग्वालियर टी प्रतीक राव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, आयुक्त नगर निगम, एसडीएम मुरैना सहित मुरैना एवं ग्वालियर नगर निगम से जुड़े अधिकारी कर्मचारी मोजूद थे। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य के दौरान उपयोग की जाने वाली अलाइनमेंट, मैप एवं ड्रॉइंग सहित सभी तकनीकी जानकारियों का दोनों जिलों के संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के बीच नियमित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। इससे कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता बनी रहेगी तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधा उत्पन्न नहीं होगी। कलेक्टर श्री जांगिड़ ने कहा कि परियोजना के विभिन्न चरणों में कार्यरत एजेंसियां आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करें, ताकि किसी एजेंसी द्वारा किए गए कार्य में दूसरी एजेंसी के कारण कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि बेहतर तालमेल एवं समन्वित प्रयासों के माध्यम से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक पूर्ण कर आमजन तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), एमपीयूडीसी, नगर निगम ग्वालियर, नगर निगम मुरैना सहित परियोजना से संबंधित विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक समन्वय एवं सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।