किसानों को दी गई तकनीकों, योजनाओं एवं प्राकृतिक खेती के विषय में जानकारी सीहोर, (ईएमएस)। कृषि विभाग द्वारा जिले के सभी विकासखंडों में कृषि रथ का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। इस कृषि रथ के माध्यम से विभिन्न ग्रामों में पहुँचकर किसानों को कृषि संबंधी नवीन तकनीकों, विभागीय योजनाओं एवं प्राकृतिक खेती के विषय में जानकारी दी गई एवं किसानों की समस्याओं का समाधान किया गया। कृषि रथ के माध्यम से किसानों को संतुलित उर्वरकों के उपयोग के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए मृदा परीक्षण के आधार पर अनुशंसित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग हेतु प्रेरित किया गया। किसानों को खाद वितरण की ई-टोकन प्रणाली संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा ई-टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कर उन्हें इसकी उपयोगिता एवं लाभों से अवगत कराया गया। साथ ही मिट्टी परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन एवं आगामी खरीफ फसल की तैयारी संबंधी तकनीकी जानकारी भी प्रदान की गई। अधिकारियों द्वारा एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन (INM), एकीकृत कीट एवं रोग प्रबंधन (IPM), फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों तथा कृषि को अधिक लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपायों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही पराली एवं नरवाई प्रबंधन के महत्व, फसल अवशेषों के वैज्ञानिक उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। कृषि रथ यात्रा के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने, उत्पादन लागत कम करने, उत्पादकता बढ़ाने तथा टिकाऊ कृषि प्रणाली विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। किसानों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए विभागीय योजनाओं एवं तकनीकी सलाह में विशेष रुचि दिखाई तथा कृषि विभाग की इस पहल की सराहना की। ईएमएस/विमल जैन / 01 जून 2026