सीहोर, (ईएमएस)। मानव सेवा के क्षेत्र में रोटरी क्लब सीहोर के तत्वावधान में एक सराहनीय कार्य संपन्न हुआ। मथुरा जिले के भंडारवन निवासी सदन सिंह, जिनके दोनों हाथ एक दुर्घटना में कट गए थे, उन्हें कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके जीवन में नई आशा का संचार हुआ है। जनवरी माह में पारिवारिक यात्रा के दौरान समाजसेवी राजेश काशीव की मुलाकात सदन सिंह से हुई थी। उनकी स्थिति को देखकर राजेश काशीव जी ने उन्हें कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। इस पुनीत कार्य में डॉ. गौरव ताम्रकार ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रोटरी क्लब सीहोर के अध्यक्ष रोटेरियन मधुर विजयवर्गीय के नेतृत्व में, सचिव रोटेरियन कपिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रोटेरियन विपुल चांडक, रोटेरियन रघुनंदन निगोदिया तथा रोटेरियन डॉ. आशुतोष शर्मा के सहयोग से कृत्रिम हाथों की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात राजेश काशीव एवं डॉ. गौरव ताम्रकार मथुरा के भंडार वन पहुंचे, जहां ग्रामवासियों एवं दर्शनार्थियों की उपस्थिति में सदन सिंह को कृत्रिम हाथ लगाए गए। कृत्रिम हाथ लगने के बाद जब सदन सिंह ने स्वयं पानी पिया और पेन पकड़कर कुछ लिखा, तो उपस्थित लोगों ने भावुक होकर इस सेवा कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने कहा कि किसी दिव्यांग व्यक्ति को पुन: आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास वास्तव में अत्यंत पुण्य का कार्य है। रोटरी क्लब सीहोर के सहयोग तथा राजेश काशीव जी एवं डॉ. गौरव ताम्रकार के विशेष प्रयासों से सदन सिंह को नया आत्मविश्वास और जीवन जीने की नई प्रेरणा मिली है। इस सेवा कार्य की सीहोर सहित मथुरा क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है। रोटरी क्लब सीहोर भविष्य में भी इसी प्रकार समाजसेवा के कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजेश काशीव एवं डॉ. गौरव ताम्रकार के प्रयासों से दिव्यांग सदन सिंह को मिले कृत्रिम हाथ, रोटरी क्लब सीहोर का सराहनीय सहयोग रहा। ईएमएस/विमल जैन / 01 जून 2026