क्षेत्रीय
01-Jun-2026


स्टील की बोतलें, सत्तू के पैकेट आइस क्रीम एवं मालपुआ एवं फल खिलाकर बुजुर्गों के साथ साझा की खुशियाँ दमोह (ईएमएस)। सेवा सम्मान और संवेदनशीलता के भाव को साकार करते हुये लीनेस मैत्री क्लब दमोह द्वारा स्थानीय वृद्धाश्रम में एक विशेष सेवा प्रकल्प आयोजित किया गया। इस अवसर पर आश्रम में निवासरत बुजुर्गों को स्टील की पानी की बोतलों एवं सत्तू के पैकेटों आइसक्रीम फल एवं मिठाई का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं था, बल्कि बुजुर्गों के साथ समय व्यतीत कर उन्हें अपनत्व, सम्मान और आत्मीयता का अनुभव कराना भी था। क्लब की सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ बैठकर बातचीत की, उनके जीवन के अनुभव सुने तथा उनके साथ भजन-कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय और आनंदमय बना दिया। इस दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर प्रसन्नता और संतोष की झलक स्पष्ट दिखाई दी। प्रोजेक्ट डायरेक्टर स्मृति खरे ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और आशीर्वाद जीवन को नई दिशा प्रदान करते हैं। उनके प्रति सम्मान और सेवा का भाव प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य होना चाहिए। प्रोजेक्ट डायरेक्टर रोजी बग्गा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा केवल वस्तु का वितरण नहीं बल्कि किसी के जीवन में अपनत्व और मुस्कान का संचार करना है वृद्धाश्रम में आकर बुजुर्गों के साथ समय बिताना अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक अनुभव रहा। क्लब अध्यक्ष रजनी खरे ने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को सबसे अधिक आवश्यकता प्रेम, सम्मान और अपनेपन की होती है। आज उनके साथ बिताए गए कुछ पल हम सभी के लिए जीवन की एक महत्वपूर्ण सीख बन गए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समय निकालकर ऐसे सेवा कार्यों में सहभागिता निभानी चाहिए, जिससे बुजुर्गों को यह महसूस हो कि वे अकेले नहीं हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने भविष्य में भी ऐसे सेवा प्रकल्पों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। अंत में वृद्धाश्रम प्रबंधन ने लायनेस मैत्री क्लब दमोह का आभार व्यक्त करते हुए इस मानवीय पहल की सराहना की। इस सेवा कार्य मे अनीता टंडन रिमी जुनेजा पूजा सचदेव सपना राजपूत सारिका टंडन तनु सुरेखा राखी चोपड़ा रमाअग्रवाल आदि ने भी अपनी सहभागिता निभाई। ईएमएस/मोहने/ 01 जून 2026