02-Jun-2026
...


फतेहपुर (ईएमएस)। जनपद के नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. यू.बी. सिंह (डॉ. उदयभान सिंह) ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान तथा अवैध अस्पतालों एवं झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को अपनी प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ कार्य किया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीएमओ डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार की सभी प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारना उनका लक्ष्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा, ताकि आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि जनपद में कर्मचारियों एवं अधिकारियों की सेवा संबंधी कई फाइलें और प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं। ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने आदेश जारी करते हुए सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों की सेवा पुस्तिकाओं और जीपीएफ पुस्तिकाओं को एक सप्ताह के भीतर अद्यतन कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अवैध अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों के संबंध में पूछे गए सवाल पर सीएमओ ने कहा कि इस विषय पर उनकी जिलाधिकारी से चर्चा हुई है। जिलाधिकारी ने भी इस पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद में संचालित सभी अवैध अस्पतालों और झोलाछापों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और व्यवस्था सुधार को लेकर पूछे गए प्रश्न पर डॉ. सिंह ने कहा कि वह किसी से लड़ाई में विश्वास नहीं रखते। उनका मानना है कि व्यवस्था को नियमों और जिम्मेदारियों के अनुरूप संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल परिणाम देना है। ड्राइव और बैठकों के जरिए कार्रवाई के सवाल पर सीएमओ ने कहा कि उन्हें केवल औपचारिक अभियानों और बैठकबाजी में विश्वास नहीं है, बल्कि वह कार्यों को वास्तविक रूप से धरातल पर होता हुआ देखना चाहते हैं। जनपद में बदलाव को लेकर उन्होंने कहा कि छह महीने बहुत लंबा समय है। यदि उनके कार्यों का आकलन करना है तो एक महीने बाद किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके प्रयासों का असर जल्द दिखाई देगा। डॉ. यू.बी. सिंह इससे पूर्व कानपुर नगर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एडिशनल सीएमओ) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने दावा किया कि जिन-जिन जनपदों में उन्होंने कार्य किया, वहां उनके जिम्मे रहे कार्यक्रमों ने बेहतर प्रदर्शन किया। फतेहपुर में भी वह स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने का पूरा प्रयास करेंगे। शीबू खान / ईएमएस 02 जून, 2026