ट्रेंडिंग
02-Jun-2026
...


-जजों की संख्या बढ़कर 37 हुई, 04 मुख्य न्यायाधीशों और वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना का हुआ पदोन्नयन नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के पांच नए न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में जस्टिस शील नागू, संजीव सचदेवा, श्री चंद्रशेखर, अरुण पल्ली, और साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता वी मोहना शामिल हैं। इन नियुक्तियों के साथ ही सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 37 हो गई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिशों पर केंद्र सरकार ने सोमवार को इन नियुक्तियों को मंजूरी दी थी। इसके बाद राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने पर सभी पांचों ने मंगलवार को शपथ ग्रहण की। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति ने मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद इन नियुक्तियों को मंजूरी प्रदान की है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 22 और 27 मई को हुई बैठकों में इन नामों की सिफारिश की थी। नव नियुक्त न्यायाधीशों में जस्टिस शील नागू का लंबा न्यायिक अनुभव रहा है। उन्हें मई 2011 में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और जुलाई 2024 में वे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने थे। इसी तरह जस्टिस श्री चंद्रशेखर जनवरी 2013 में झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त हुए थे और जनवरी 2025 में बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने। जस्टिस संजीव सचदेवा ने दिल्ली हाईकोर्ट में न्यायिक सेवा की शुरुआत की थी और जुलाई 2025 में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए गए थे। जस्टिस अरुण पल्ली दिसंबर 2013 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश बने थे। अप्रैल 2025 में उन्हें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में संवैधानिक, दीवानी और सेवा कानून से जुड़े मामलों की पैरवी कर रही थीं। वह बार से सीधे सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त होने वाली चुनिंदा न्यायविदों में शामिल हैं। हिदायत/ईएमएस 02जून26