02-Jun-2026
...


प्राधिकरण अध्यक्ष श्री भदौरिया ने की प्रस्तावित योजना की समीक्षा ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया ने मंगलवार को प्राधिकरण की प्रस्तावित टीडीएस-06 योजना (ग्राम भाटखेड़ी से ग्राम रमऊआ) की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान योजना के लिए नियुक्त कंसल्टेंट के साथ विस्तृत चर्चा कर विभिन्न तकनीकी एवं विकास संबंधी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कंसल्टेंट द्वारा योजना की वर्तमान स्थिति एवं तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। अध्यक्ष श्री भदौरिया ने योजना से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें। बैठक में बताया गया कि टीडीएस-06 योजना का प्रकाशन शीघ्र किया जाएगा। इस योजना के माध्यम से नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के सुनियोजित विकास को गति मिलेगी। बैठक में ग्वालियर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव, संयुक्त संचालक गवली, सहायक संचालक श्री कुशवाह (नगर तथा ग्राम निवेश, ग्वालियर), सहायक वास्तु नियोजक श्री सत्येन्द्र तोमर, कार्यपालन यंत्री डी.डी. मिश्रा तथा कंसल्टेंट श्रीमती रेबेका जादौन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।