03-Jun-2026
...


-कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक ने समर्थकों को भेजा मैसेज, किया दावा नई दिल्ली,(ईएमएस)। मुझसे एयरपोर्ट पर मिलो ये मैसेज कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों को भेजा। अभिजीत दीपके 6 जून को अमेरिका से लौटने वाले हैं। भारत आने से पहले उन्होंने दावा किया कि उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। दीपके ने दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बार-बार परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले सामने आ रहे, इस विफलता के कारण शिक्षा मंत्री प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अभिजीत दीपके ने कहा कि वो शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी को लेकर उन्होंने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का फैसला लिया है। उन्होंने ये भी कहा कि ये विरोध प्रदर्शन अहिंसक और संवैधानिक होगा। दीपके ने कहा कि 6 जून को एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वह पैदल चलकर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे। यहां वह जंतर-मंतर में विरोध प्रदर्शन को लेकर औपचारिक रूप से अनुमति मांगेंगे। उन्होंने अमेरिका से कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि उनके लौटने पर इसके कुछ परिणाम होंगे। हालांकि, उन्हें वापस आने का भी पूरा यकीन है। लेकिन वे आशावादी भी बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि बहुत से ऐसे लोग हैं जिन्होंने अपना समर्थन दिया है और कहा है कि वे इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह विरोध प्रदर्शन कई परीक्षा विवादों के बीच हो रहा है। इनमें नीट पेपर लीक विवाद और सीयूईटी, सीबीएसई और एसएससी जीडी जैसी भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं से जुड़ी चिंताएं शामिल हैं। अभिजीत दीपके का कहना है कि इन विवादों ने एक करोड़ से ज्यादा छात्रों के भविष्य को दांव पर लगा दिया है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा किसी एक परीक्षा से कहीं ज्यादा बड़ा है। हमारी लंबी अवधि की योजना सरकार के भीतर जवाबदेही तय करना है। दीपके ने अपनी फंडिंग को लेकर लगाए गए आरोपों और इस दावे से भी बिल्कुल भी विचलित नहीं हैं कि वे बांग्लादेश और नेपाल में देखे गए जेन जी क्रांति जैसा कोई आंदोलन खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। दीपके ने कहा कि मैंने तो बस सरकार से सवाल पूछे हैं। सिराज/ईएमएस 03जून26