खेल
04-Jun-2026
...


अहमदाबाद (ईएमएस)। पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आगामी टी20 विश्व कप में खिताब की प्रबल दावेदार बताया है। विश्वकप 12 जून से इंग्लैंड में शुरु होने जा रहा है। अंजुम के अनुसार भारतीय टीम इंग्लैंड के हालातों से परिचित है और ऐसे में उसके लिए वहां खेलना और जीत हासिल करना कठिन नहीं होंगा। एकदिवसीय विश्वप में भारतीय टीम ने जीत हासिल कर अपने को साबित किया था। अब वह एक बार फिर ऐसा ही करेगी। भारतीय टीम 14 जून को बर्मिंघम में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। चोपड़ा ने कहा कि टीम की अधिकतर खिलाड़ी पहले भी इंग्लैंड में खेली हैं, जिससे उन्हें वहां के हालातों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने नंदिनी शर्मा और श्री चरणी जैसे खिलाड़ियों का विशेष उल्लेख किया, जिनमें से श्री चरणी अपने छोटे से करियर में ही दूसरी बार इंग्लैंड का दौरा कर रही हैं। पूर्व कप्तान को भरोस है कि भारतीय टीम शीर्ष चार में जगह बनाने के साथ ही शीर्ष दो में भी पहुंचकर खिताब जीतेगी। टूर्नामेंट से पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया के फिट होने से भी टीम मजबूत हुई है। बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने वापसी करते ही इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 40 गेंद में 54 रन बनाए थे। अंजुम का मानना है कि भारतीय टीम प्रबंधन को अपनी बल्लेबाजी लाइन-अप में अधिक लचीलापन अपनाने की आवश्यकता हो सकती है। उन्होंने कहा, यह बहुत अच्छा है कि यास्तिका रन बना रही है, लेकिन दूसरे मैच में वह लंबी पारी खेलने से रह गयी। इससे यह भी पता चलता है कि यह केवल जेमिमा रोड्रिग्यूज, हरमनप्रीत कौर और यास्तिका भाटिकया के बीच संतुलन बनाने की बात नहीं है। भारतीय टीम को विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड के साथ एक कठिन ग्रुप में रखा गया है, जिसमें से केवल शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें ही सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। चोपड़ा ने चेतावनी दी कि पाकिस्तान अभी अच्छी क्रिकेट खेल रहा है और नीदरलैंड की टीम का प्रदर्शन अनिश्चित है इसलिए टीम को सतर्क रहना होगा। इसके अलावा, ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमें भी हैं। ऐसे में सेमीफाइनल में जगह बनाना आसान नहीं होगा, यह बात अंजुम चोपड़ा ने रेखांकित की। गिरजा/ईएमएस 04जून 2026