जबलपुर (ईएमएस)। मझगवां थानांतर्गत कल दोपहर बघराजी नहर पुलिया के पास बाईक सवार आरोपी स्कूटी सवार वृद्ध के हाथ से रूपये से भरा बैग छीन कर भाग गये। घटना के बाद स्कूटी चला रहे वृद्ध के पुत्र ने बाईक सवार झपटमारों का पीछा कियालेकिन वे तेजी से मझगवां की ओर भाग गये। बताया गया है कि लूट की घटना के शिकार वृद्ध सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। जो अपने पुत्र के साथ बैंक से पेंशन लेकर अपने घर वापस ग्राम कुम्ही खुर्द जा रहे थे। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात को गंभीरता से लेतेहुए पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल के आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी करा दी है। मझगवां पुलिस ने बताया कि ग्राम कुम्ही खुर्द निवासी रत्नेश तिवारी प्राथमिक शाला पाराखेड़ा में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। उसके पिता सुरेन्द्र कुमार तिवारी भी सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। उनका पेंशन खाता एसबीआई बैंक मझगवां मे है। कल दोपहर लगभग 12 बजे रत्नेश अपने पिता के उम्रदराज होने के कारण उन्हे अपनी स्कूटी मे बैठाकर एसबीआई मझगवां उनकी पेंशन लेने आया था। पेंशन की 45 हजार रकम निकालने के बाद बैंक में ही पांच सौ रूपये के 90 नोट गिनने के बाद रत्नेश ने काले हेंडबैग में पेंशन की राशि को रखकर बैग अपने पिता के हाथ में दे दिया था। रत्नेश के पिता सुरेन्द्र तिवारी स्कूटी में पीछे बैठे थे। बैंक से निकलकर कुछ दूरी पर एक गन्ने के ठेले पर दोनों ने गन्ने का रस पिया और अपने घर की ओर रवाना हो गये । दोपहर लगभग 12.45 बजे जैसे ही वे बघराजी रोड बाईपास पुलिया के पास पहुंचे तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनके पास से निकले्र। इस दौरान पीछे बैठा एक युवक सुरेन्द्र तिवारी के हाथ से रूपये से भरा बैग छीना और दोनो तेजी से मझगवां की ओर भाग गये। ..../ ईएमएस / 05 जून 2026