दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में विगत दिवस न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभागार में एनसीओआरडी (नार्को-कोऑर्डिनेशन सेंटर) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खण्डेलवाल, वन मण्डलाधिकारी मोहम्मद माज, जिला आबकारी अधिकारी दतिया श्री बीएल दांगी सहित अन्य सदस्यगण, पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी की प्रवृत्तियों के बारे में आसूचना, सूचना का आदान-प्रदान किये जाने। जिले में अफीम, भांग आदि की फसल की अवैध खेती की निगरानी किये जाने, ऐसे प्रकरण जो क्रास-स्टेट संबंधी हो, उनकी जांच की प्रगति की निगरानी किये जाने। स्कूलों एवं कॉलेजों में नशीली दवाओं के दुरूपयोग विरोधी जागरूकता को बढ़ावा देने, एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों और दवाओं के हानिकारक प्रभावों पर मादक फसलों की अवैध खेती से प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाने। जिले में मादक फसलों की अवैध खेती से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रम लागू करने व जिले में नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्रों का पर्यवेक्षण करने आदि बिन्दुओं पर चर्चा हुई। कलेक्टर श्री वानखड़े द्वारा बैठक में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम हेतु कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।