खेल
05-Jun-2026


कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की राजनीति और खेल जगत से जुड़े चर्चित मेसी इवेंट विवाद में नया मोड़ आ गया है। कोलकाता पुलिस ने राज्य के पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास के भाई स्वरूप विश्वास को एक मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सिमरन पाल नामक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर न्यू अलीपुर थाने में दर्ज एफआईआर की जांच के दौरान स्वरूप का नाम सामने आया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। बंगाला पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्वरूप विश्वास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अलावा आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हुआ है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। यह घटनाक्रम तब सामने आया है, जब फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेसी के प्रस्तावित ‘गोट इंडिया टूर-कोलकाता एडिशन’ कार्यक्रम को लेकर विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता ने हाल ही में पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई है। दत्ता का आरोप है कि दिसंबर 2025 में कोलकाता में आयोजित मेसी से जुड़े कार्यक्रम के दौरान उन पर बड़ी संख्या में कॉम्प्लिमेंट्री टिकट, एक्रेडिटेशन कार्ड और वीआईपी पास उपलब्ध कराने के लिए दबाव बनाया गया था। उन्होंने दावा किया है कि आयोजन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न स्तरों पर हस्तक्षेप और दबाव के कारण कार्यक्रम प्रभावित हुआ। हालांकि, ममता सरकार में पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। स्वरूप की गिरफ्तारी के बाद मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। विपक्षी दल पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और जांच की दिशा पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपों की सत्यता और कथित अनियमितताओं की पड़ताल में जुटी हुई हैं। आशीष दुबे / 05 जून 2026