राज्य
06-Jun-2026


* देहरी-गोवाडा गांव में रात्रि ग्रामसभा को किया संबोधित, अनुसूचित जाति परिवार के घर सादा भोजन कर दिया सामाजिक समरसता का संदेश वलसाड (ईएमएस)| जिले के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पहले दिन की रात्रि में ग्राम कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत उमरगाम तालुका के देहरी-गोवाडा गांव स्थित माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में आयोजित रात्रि ग्रामसभा में ग्रामीणों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशामुक्त गांव और शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। रात्रि सभा से पूर्व राज्यपाल ने गांव के अनुसूचित जाति परिवार के सदस्य कौशिक सुरेशभाई माहयवंशी के घर पहुंचकर उनके परिवार के साथ सादे भोजन का आनंद लिया। उन्होंने सहजता और आत्मीयता के साथ कौशिकभाई, उनकी पत्नी नयना तथा पुत्र प्रिंस से बातचीत कर उनके दैनिक जीवन की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीण परंपरा के अनुरूप राज्यपाल ने लौकी की सब्जी, रोटी, खिचड़ी और मूंग की दाल जैसे सादे भोजन का स्वाद लिया। सभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने गांव के सौहार्दपूर्ण वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यदि परिवार में प्रेम, एकता और भाईचारा हो तो वही धरती पर स्वर्ग के समान है। उन्होंने कहा कि बच्चों के रूप में हमारे पास सबसे बड़ी पूंजी है। उन्हें संस्कारी, गुणवान और समाज का गौरव बढ़ाने वाला नागरिक बनाना हमारी जिम्मेदारी है। शिक्षित और जागरूक भावी पीढ़ी ही समाज को निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ा सकती है। स्वास्थ्य के विषय में उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए सात्विक आहार आवश्यक है। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों और विदेशी कृषि पद्धतियों के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे भूमि की उर्वरता प्रभावित हुई है तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ा है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से उत्पन्न विषमुक्त खाद्यान्न मानव स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं और गुजरात में लगभग साढ़े आठ लाख किसान प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से इस दिशा में आगे आने का आह्वान किया। किसानों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने यूरिया और डीएपी जैसे रासायनिक उर्वरकों के उपयोग में कमी लाकर प्राकृतिक कृषि अपनाने तथा खेती के साथ पशुपालन को जोड़कर आय बढ़ाने की सलाह दी। ईंधन संरक्षण के विषय में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान का समर्थन करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में कच्चे तेल के आयात से देश पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि डीजल और पेट्रोल का कम से कम उपयोग करे तथा सामूहिक यात्रा जैसी आदतों को अपनाए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हेटल पटेल, विधायक रमण पाटकर, जिला विकास अधिकारी अतिराग चपलोत, पुलिस एवं कृषि विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, सरपंच धनेश, तलाटी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सतीश/06 जून