ट्रेंडिंग
06-Jun-2026
...


हजारों प्रदर्शनकारी मौजूद, शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो के लगे नारे, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी नई दिल्ली,(ईएमएस)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरु हो गया है। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके भी वहां मौजूद हैं। हजारों प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए हैं। शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो के नारे लगाए जा रहे हैं। अभिजीत शनिवार सुबह 7:45 बजे अमेरिका से सीधे दिल्ली पहुंचे। वे करीब एक घंटे बाद एयरपोर्ट से बाहर आए। बाहर आने में देरी की वजह सामने नहीं आई। अभिजीत ने बाहर आकर अंबेडकर की किताब को हाथ में उठाया। इस किताब को लेकर वे प्रदर्शन भी कर रहे हैं। जंतर-मंतर पर सीजेपी का यह पहला प्रदर्शन है। यह विरोध नीट-यूजी पेपर लीक और सीबीएसई, सीयूईटी एसएससी-जीडी जैसी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके से सीजेपी के समर्थकों से कहा है कि आंदोलन को प्रेम और शांति से आगे बढ़ाना है। कॉकरोच इज़ बैक एक्स हैंडल ने लिखा है, दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन की मंजूदी दे दी है। अब हम सीधे जंतर मंतर पर इकट्ठा हो सकते हैं और हमें पहले की योजना के मुताबिक पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाने की जरूरत नहीं है। इससे पहले अभिजीत ने एक्स पर लिखा- लैंड कर चुका हूं। जल्द ही आप सब से जंतर मंतर पर मिलने का इंतज़ार है। किताब और हमारा तिरंगा साथ लाना मत भूलना। उन्होंने आगे लिखा- पुलिसकर्मियों को फूल दें, यह करुणा और आभार का प्रतीक होगा। हमें इस आंदोलन को प्यार और शांति के साथ आगे बढ़ाना है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक ने आशंका जताई थी कि एयरपोर्ट पर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को गिरफ्तार किया जा सकता है। हालांकि सीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर तस्वीर पोस्ट की है जिसमें अभिजीत दीपके एयरपोर्ट से निकलकर कार में आगे बढ़ रहे हैं। इस तस्वीर में दीपके के हाथ में बाबा साहेब आंबेडकर की जीवनी भी नजर आ रही है। इस बीच जंतर मंतर पर सुरक्षा काफी कड़ी दिखी। हालांकि वहां युवाओं की भीड़ भी मौजूद है और उनकी तादाद बढ़ती ही जा रही है। सिराज/ईएमएस 06जून26