राज्य
06-Jun-2026


- कस्टम्स सुपरिटेंडेंट की भूमिका की जांच शुरू, ईगल फोर्स ने की पूछताछ - थाईलैंड से तस्करी और कोकापेट में पब खोलने की तैयारी हैदराबाद (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय हाइड्रोपोनिक गांजा तस्करी मामले की जांच कर रही एजेंसी ईगल फोर्स को एक नया सुराग मिला है। जांच में सामने आया है कि एक कस्टम्स सुपरिटेंडेंट ने इस रैकेट के मुख्य आरोपी हेमांग केलुस्कर से मुलाकात की थी और कोकापेट में पब खोलने के लिए जगह देखने के दौरान उसके लिए गाड़ियों का इंतजाम भी कराया था। अधिकारियों के मुताबिक, 11 अप्रैल को महाराष्ट्र के कर्जत से गिरफ्तार किए गए हेमांग ने खुलासा किया कि वह 3 अप्रैल को सह-आरोपी सूरज पाल के साथ हैदराबाद आया था। वे यहाँ 20 से 30 करोड़ रुपये के बजट से ‘जलवा’ नाम का एक आलीशान पब शुरू करने के लिए जगह तलाश रहे थे। हैदराबाद पहुंचने पर सीमा शुल्क (कस्टम्स) अधिकारी ने उनके लिए गाड़ी भेजी और बंजारा हिल्स के एक होटल में उनसे मुलाकात की। इस दौरान एक नई कंपनी बनाने और विदेशों से स्क्रैप लाकर हैदराबाद की धातु कंपनियों को बेचने पर भी चर्चा हुई। इसके बाद आरोपी को कोकापेट के एक निर्माणाधीन मॉल में प्रस्तावित पब की जगह दिखाई गई। तस्करी के इस खेल में सूरज पाल हाइड्रोपोनिक गांजा की सप्लाई संभालता था, जबकि हेमांग खुद को बचाने के लिए एक ही फ्लाइट में अलग टिकट बुक कराता था और सारा लेनदेन कैश में करता था। हालांकि, 7 और 8 अप्रैल को थाईलैंड से लाया गया गांजा पकड़े जाने के बाद उनकी यह योजना नाकाम हो गई। ईगल फोर्स ने संबंधित कस्टम्स अधिकारी को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है क्योंकि उनकी भूमिका केवल इस कारोबारी मुलाकात तक सीमित पाई गई है। जांच में यह भी पता चला है कि हेमांग दुबई और थाईलैंड के पब व्यवसाय से होने वाली लाखों की कमाई को थाईलैंड की हाइड्रोपोनिक गांजा उत्पादन कंपनियों में निवेश करता था। रामयश/ईएमएस 06 जून 2026