राज्य
06-Jun-2026


- शादी समारोह में शामिल होने पैतृक गांव आई थीं संध्या अचाया - कॉफी बागान में घने पौधों के पीछे छिपे हाथी ने अचानक बोला हमला कोडागु (ईएमएस)। कर्नाटक के कोडागु जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसे में देश की खुफिया एजेंसी रॉ के स्पेशल सेक्रेटरी और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुनील अचाया की पत्नी संध्या अचाया की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। यह दुखद घटना गोनिकोप्पल क्षेत्र के कोनानाकट्टे गांव के पास स्थित एक कॉफी बागान में हुई, जहां वह निरीक्षण के लिए गई थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संध्या अचाया सुबह करीब 8:45 बजे अपनी ननद सपना, दो एस्टेट असिस्टेंट और एक सुपरवाइजर के साथ बागान का दौरा कर रही थीं। इसी दौरान कॉफी के घने पौधों के पीछे छिपे एक जंगली हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हाथी को आता देख बाकी लोग तो जान बचाकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने में सफल रहे, लेकिन संध्या भागते समय अचानक फिसलकर जमीन पर गिर गईं। इससे पहले कि वह संभल पातीं, हाथी ने उन्हें अपने पैरों तले कुचल दिया। उन्हें तुरंत गोनिकोप्पल के लोपामुद्रा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संध्या अचाया अपनी दो बेटियों (इंजीनियर विदुष और कानून की पढ़ाई कर रही अनन्या) के साथ बेंगलुरु में रहती थीं। वह परिवार में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए तीन दिन पहले ही अपने पैतृक गांव कोनानाकट्टे आई थीं। उनके पति सुनील अचाया 1991 बैच के नागालैंड कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। वह वर्तमान में रॉ में स्पेशल सेक्रेटरी हैं और इससे पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के साथ-साथ जिनेवा (स्विट्जरलैंड) में भारत के कॉन्सल जनरल के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक ए.एस. पोन्नाना ने अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। वहीं, इस हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में हाथियों की बढ़ती आवाजाही लंबे समय से बड़ी समस्या बनी हुई है और यदि इस पर तुरंत ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। रामयश/ईएमएस 06 जून 2026