राज्य
06-Jun-2026


- टेक-ऑफ के तुरंत बाद करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग - डेढ़ घंटे बाद रवाना हुआ विमान बेंगलुरु (ईएमएस)। बेंगलुरु के केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले इंडिगो के एक विमान से टेक-ऑफ के दौरान एक पक्षी टकरा गया। इस बर्ड-हिट के बाद पायलट ने सावधानी बरतते हुए विमान को तुरंत वापस बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंड कराने का फैसला किया। हालांकि, करीब डेढ़ घंटे की देरी और पूरी तकनीकी जांच के बाद विमान ने मुंबई के लिए सुरक्षित उड़ान भरी। जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई6283 को शुक्रवार शाम 7:05 बजे मुंबई के लिए रवाना होना था। जैसे ही एयरबस ए321नियो विमान रनवे से उड़ान भरने लगा, तभी उससे एक पक्षी टकरा गया। सूत्रों के अनुसार, पक्षी के टकराते ही विमान हवा में थोड़ा डगमगा गया, जिससे यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया और वे सहम गए। स्थिति को भांपते हुए क्रू मेंबर्स ने तुरंत यात्रियों को शांत रहने की हिदायत दी और पायलट ने विमान को वापस पार्किंग बे में सुरक्षित उतार लिया। हवाई अड्डे पर विमान को वापस लाए जाने के बाद तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा उसकी गहन जांच की गई। विमान के दोनों इंजनों की पूरी तरह से पड़ताल करने के बाद जब उसे सुरक्षा मानकों पर शत-प्रतिशत सही पाया गया, तब जाकर उसे दोबारा उड़ान भरने की मंजूरी दी गई। तकनीकी हरी झंडी मिलने के बाद आखिरकार इस फ्लाइट ने रात करीब 8:45 बजे मुंबई के लिए दोबारा उड़ान भरी। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई। रामयश/ईएमएस 06 जून 2026