- थाना प्रभारी सहित स्टाफ ने किया पौधरोपण बिलासपुर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार (5 जून) को सरकंडा थाना परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी (टीआई) प्रदीप आर्य समेत हवलदार बलबीर सिंह, आरक्षक मिथलेश सोनी, संजीव जांगड़े, विवेक राय व अन्य स्टॉफ ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार पौधे रोपे। साथ ही सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने इन पौधों को सुरक्षित रखने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने कहा कि खाकी की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि सामाजिक और प्राकृतिक सरोकारों से जुडऩा भी हमारा कर्तव्य है। लगातार बढ़ रहे तापमान और प्रदूषण को देखते हुए पेड़ लगाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। टीआई आर्य ने आम जनता से भी अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक को न केवल एक पौधा लगाना चाहिए, बल्कि उसे एक बच्चे की तरह पाल-पोसकर बड़ा करने की जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ हवा और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके। - 06 जून 2026