क्षेत्रीय
06-Jun-2026
...


- सीपत के नरगोड़ा गांव में नहाने गए थे मासूम, साथ गए दोस्त ने गांव भागकर दी सूचना - जब तक ग्रामीणों ने निकाला तब तक थम चुकी थीं सांसें, मां का रो-रोकर बुरा हाल बिलासपुर (ईएमएस)। जिले के सीपत थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। ग्राम नरगोड़ा के लुदियापारा में शुक्रवार सुबह तालाब में नहाने गए दो सगे मासूम भाइयों की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस भयानक हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार, नरगोड़ा निवासी किशोर कुमार खरे के दो मासूम बेटे ऋषभ कुमार खरे और रितेश कुमार खरे सुबह करीब 8 बजे अपने एक साथी निहाल के साथ गांव के नए तालाब में नहाने के लिए गए थे। तालाब में उतरने के बाद दोनों भाई नहाते-नहाते अनजाने में गहरे पानी की तरफ चले गए। पानी गहरा होने के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं पाए और डूबने लगे। साथ में मौजूद दोस्त निहाल ने जब अपने दोस्तों को डूबते देखा, तो वह घबरा गया। वह चीखते-चिल्लाते हुए तत्काल दौडक़र गांव पहुंचा और बच्चों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने निकाला बाहर, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी जैसे ही बच्चों के डूबने की खबर परिजनों और ग्रामीणों को मिली, पूरे गांव में हडक़ंप मच गया। बदहवास परिजन और ग्रामीण दौड़ते हुए तालाब की तरफ भागे। गांव के ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तालाब के गहरे पानी में छलांग लगाई। काफी मशक्कत और तलाश के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। लेकिन, नियति को कुछ और ही मंजूर था। जब तक बच्चों को बाहर लाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों मासूमों की सांसें हमेशा के लिए थम चुकी थीं। कमाने गए थे दिल्ली, सप्ताह भर में टूट पड़ा दुखों का पहाड़ इस घटना के पीछे की पृष्ठभूमि और भी ज्यादा दर्दनाक है। परिजनों ने बताया कि मासूम बच्चों के दादा का निधन हो गया था और रविवार को उनका दशकर्म (तेरहवीं) कार्यक्रम होना था। इसी वजह से बच्चों के पिता किशोर कुमार खरे, जो दिल्ली में रहकर रोजी-रोटी कमाते हैं, गुरुवार सुबह ही अपने पूरे परिवार के साथ गांव लौटे थे। परिवार अभी बुजुर्ग दादा को खोने के गम से उबर भी नहीं पाया था कि अगले ही दिन शुक्रवार की सुबह दोनों चिराग बुझ गए। एक ही सप्ताह के भीतर परिवार पर टूटी इस दोहरी त्रासदी से हर कोई स्तब्ध है। घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मासूमों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। - 06 जून 2026