खाने का बिल मांगने पर ढाबे में तोड़फोड़ मुफ्तखोरी बदमाशों ने संचालक सहित कर्मचारियों से की मारपीट, 2 के सिर फूटे जबलपुर (ईएमएस)। गोसलपुर थानांतर्गत बुढ़ागर गांधीग्राम हाईवे स्थित सतना ढाबा पर खाना खाने पहुंचे बदमाशों से पैसा मांगना ढाबा संचालकों को महंगा पड़ा| बदमाशों ने न केवल ढाबा में तोड़फोड़ की बल्कि लाठी व रॉड से ढाबा संचालक व कर्मचारियों पर हमला कर दिया| इस खूनी संघर्ष में दो लोगों के सिर पर गंभीर चोटे आई है जिस कारण उनके सिर पर टांके लगे हुए है| बताया गया है कि शुक्रवार देर रात क्षेत्र का कुख्यात बदमाश राज यादव और जीत रैकवार अपने अन्य साथियों के साथ खाना खाने पहुंचा था। बताया जाता है कि खाना खाने के बाद जब ढाबा संचालक ने जब उनसे खाने के पैसे मांगे, तो आरोपी बुरी तरह भड़क गए और आरोपियों ने पैसे देने के बजाय लाठी, डंडों और बेसबॉल बैट से ढाबा संचालक और वहां मौजूद कर्मचारियों पर हमला कर दिया। लगभग 10 मिनट तक ढाबे के भीतर आरोपियों ने तांडव मचाया, जिससे वहां खाना खा रहे अन्य ग्राहकों में भगदड़ मच गई और वे अपनी जान बचाकर भागे। बदमाशों की यह पूरी करतूत ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। इस हमले में ढाबे का कर्मचारी गुड्डा व एक अन्य कर्मचारी गंभीर रुप से घायल हो गया| वहीं तोड़फोड़ में ढाबे का कुर्सी टेबिल टूट गए| गोसलपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है| पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी राज यादव और जीत रैकवार इलाके के आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची गोसलपुर थाना पुलिस ने ढाबे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें आरोपियों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों मुख्य नामजद आरोपियों सहित उनके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। सुनील साहू / मोनिका / 06 जून 2026/ 02.05