क्षेत्रीय
06-Jun-2026
...


- भागवत कथा में पूतना वध प्रसंग का हुआ वर्णन - पुरुषोत्तम मास महोत्सव में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ फतेहपुर (ईएमएस)। जनपद के खागा तहसील अंतर्गत थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र स्थित खाकी बाबा कुटी वेदांती आश्रम, खरगूपुर बरगला नौबस्ता घाट में आयोजित पुरुषोत्तम मास महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। एक माह तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में दूर-दराज से श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं कथा प्रेमी पहुंच रहे हैं। आयोजन के अंतर्गत चल रही संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिवस कथावाचक ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए पूतना वध प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया। कथा में बताया गया कि किस प्रकार भगवान ने बाल्यावस्था में ही राक्षसी पूतना का उद्धार कर धर्म की रक्षा का संदेश दिया। साथ ही भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों की महिमा पर भी प्रकाश डाला गया। आश्रम परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों एवं कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां 16 मई से 15 जून तक अखंड हरिनाम संकीर्तन, 2 जून से 8 जून तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा, 6 जून से 14 जून तक श्रीरामचरितमानस नवाह्न पारायण पाठ, 8 जून से 14 जून तक श्रीराम महायज्ञ, 8 जून प्रातः 8 बजे से भव्य जलयात्रा तथा 9 जून से 14 जून तक श्रीरामचरितमानस प्रवचन होना है। आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक महोत्सव कई वर्षों से आश्रम में आयोजित होता आ रहा है। आश्रम के संस्थापक साकेतवासी परमपूज्य श्री श्री 1008 श्री रामलखन दास जी महाराज (वेदांती) द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को वर्तमान में श्री श्री 1008 श्री रामबालक दास महाराज (वेदांती) आगे बढ़ा रहे हैं। रामबालक दास महाराज ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। शीबू खान/ ईएमएस 06 जून, 2026