क्षेत्रीय
06-Jun-2026
...


- रीवा ने मात्र 31 गेंदों में दर्ज की 9 विकेट से धमाकेदार जीत; प्लेयर ऑफ द मैच रामवीर गुज्जर की फिरकी में फंसा बुन्देलखण्ड, सागर सोलंकी ने विजयी छक्के से किया अंत इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के छठे मैच में शनिवार को रीवा जगुआर्स ने शानदार खेल दिखाते हुए बुन्देलखण्ड बुल्स को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। होलकर स्टेडियम में खेले गए इस एकतरफा मुकाबले में रीवा के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रीवा के गेंदबाजों ने इस निर्णय को शत-प्रतिशत सही साबित किया और अपनी कसी हुई गेंदबाजी के दम पर बुन्देलखण्ड की पूरी टीम को महज 74 रनों पर समेट दिया। जवाब में रीवा जगुआर्स ने बेहद आक्रामक बल्लेबाजी की और जीत के लिए मिले 75 रनों के आसान लक्ष्य को मात्र 5.1 ओवर (31 गेंदों) में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। - रीवा की कसी हुई गेंदबाजी के आगे ढह गया बुल्स का किला दोपहर 3 बजे जब खेल की पहली गेंद फेंकी गई, तब किसी ने नहीं सोचा था कि बुन्देलखण्ड की पारी इतनी जल्दी सिमट जाएगी। बुल्स की शुरुआत किसी दुःस्वप्न जैसी रही; सलामी बल्लेबाज हर्ष गवली खाता खोले बिना रामवीर गुज्जर की इनस्विंगर पर चकमा खाकर विकेटकीपर वर्मा को अपना कैच थमा बैठे। कप्तान अभिषेक पाठक (9 रन) ने एक गगनचुंबी छक्का जड़कर प्रतिआक्रमण की कोशिश जरूर की, लेकिन उनकी यह पारी भी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। जब आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी, तब मध्यक्रम में पार्थ गोस्वामी ने 30 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 25 रनों की जुझारू पारी खेलकर संकट टालने का अकेला और साहसिक प्रयास किया। मगर दूसरे छोर से उन्हें किसी भी बल्लेबाज का सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 15.3 ओवरों में 74 रनों के मामूली स्कोर पर ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। रीवा के लिए स्पिनर रामवीर गुज्जर सबसे सफल गेंदबाज रहे; उन्होंने घातक गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए सिर्फ 2.3 ओवर में 16 रन देकर 3 मुख्य विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। उनके अलावा सागर सोलंकी, रोहित राजावत और कप्तान तोमर ने भी दो-दो शिकार कर बुल्स की रीढ़ तोड़ दी। :: अक्षत की विध्वंसक आंधी के बाद सोलंकी ने छक्के से किया अंत :: सिर्फ 75 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी रीवा जगुआर्स की रणनीति साफ थी- मैच को पावरप्ले में ही खत्म कर अपने नेट रन-रेट को मजबूत करना। सलामी बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी ने मैदान पर कदम रखते ही बुन्देलखण्ड के गेंदबाजों को निशाने पर ले लिया। रघुवंशी ने मैदान के चारों तरफ चौकों-छक्कों की नुमाइश लगाते हुए मात्र 14 गेंदों में 300 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 42 रन कूट डाले। उनकी इस विध्वंसक पारी में 4 कड़क चौके और 4 आसमानी छक्के शामिल रहे। चौथे ओवर में जब अक्षत आउट होकर पवेलियन लौटे, तब तक रीवा जीत के मुहाने पर खड़ा हो चुका था। पांचवें ओवर में कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर (11 गेंदों में नाबाद 20 रन) और सागर सोलंकी ने मिलकर 12 रन बटोरे। इसके बाद छठे ओवर की पहली ही गेंद पर सागर सोलंकी (6 गेंदों में नाबाद 13 रन) ने अपनी कलाइयों का खूबसूरत इस्तेमाल किया और शिवांग कुमार की गेंद को सीधे दर्शकों के बीच भेजकर रीवा जगुआर्स की झोली में 9 विकेट से एक ऐतिहासिक और धमाकेदार जीत डाल दी। :: संक्षिप्त स्कोरकार्ड :: बुन्देलखण्ड बुल्स : 15.3 ओवर में 74/10 (पार्थ गोस्वामी 25, अभिषेक पाठक 9; रामवीर गुज्जर 3/16, सागर सोलंकी 2/9, रोहित राजावत 2/17)। रीवा जगुआर्स : 5.1 ओवर में 76/1 (अक्षत रघुवंशी 42, पृथ्वीराज तोमर 20*, सागर सोलंकी 13*; शिवांग कुमार 1/9)। परिणाम : रीवा जगुआर्स 9 विकेट से विजयी। प्रकाश/06 जून 2026