देवास (ईएमएस)। आईटीसी मिशन सुनहरा कल परियोजना के अंतर्गत बाइफ, देवास द्वारा ग्राम जिरवाय में विश्व पर्यावरण दिवस एवं खेत बचाओ अभियान के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर किसानों को जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, देवास के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर.पी. शर्मा, जनपद पंचायत टोंकखुर्द के अध्यक्ष पोप सिंह ठाकुर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी भरत सोलंकी, भौरासा एग्रीकल्चर एफपीओ के विशाल लोधी, एनसीएचएसई के राहुल पटेल, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। बाइफ की ओर से अर्जुन सिंह वेदी, सतीश खजूरिया, जितेंद्र सिंह, मुकेश बडक़निया एवं सुनील चौहान ने सहभागिता की। अपने संबोधन में डॉ. आर.पी. शर्मा ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व और खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। जनपद पंचायत अध्यक्ष ठाकुर ने आईटीसी मिशन सुनहरा कल परियोजना के प्रयासों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण और कृषि पर जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर बाइफ टीम द्वारा परियोजना के चार प्रमुख घटकों तथा क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी भी दी। संचालन बाइफ के कृषि विशेषज्ञ रामाश्रय साहू ने किया। ईएमएस/मोहने/ 06 जून 2026