- गंभीर के सामने बड़ी चुनौती; किसकी जगह मिलेगा मौका? नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज और एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इस टीम में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है, जिन्हें पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। उनके चयन के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में किसकी जगह मौका मिलेगा और क्या टीम संयोजन में बदलाव देखने को मिलेगा। वैभव सूर्यवंशी का चयन उनके शानदार आईपीएल प्रदर्शन के आधार पर किया गया है, जहां उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया। उन्होंने इस सीजन में 72 छक्के लगाकर कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए, जिसमें क्रिस गेल का 59 छक्कों का रिकॉर्ड भी शामिल है। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम की थी। अब सवाल यह है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में किस पोजीशन पर शामिल किया जाएगा। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए माना जा रहा है कि वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग में उतारा जा सकता है। ऐसे में मुख्य कोच गौतम गंभीर के सामने बड़ा चयन संकट खड़ा हो गया है। यदि वैभव को ओपनिंग दी जाती है तो अभिषेक शर्मा के साथ उनकी जोड़ी बनाई जा सकती है। इस स्थिति में मौजूदा विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन की भूमिका पर सवाल खड़े हो सकते हैं। या तो उन्हें मध्यक्रम में भेजा जा सकता है या फिर उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ सकता है। टीम संयोजन को देखते हुए यह फैसला काफी अहम होगा क्योंकि यह सीधे बल्लेबाजी क्रम की स्थिरता को प्रभावित करेगा। भारतीय टीम 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगी, जबकि इसके बाद 1 से 11 जुलाई तक इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज होगी। इसी दौरान यह तय माना जा रहा है कि वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिल सकता है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि गौतम गंभीर इस युवा खिलाड़ी को कैसे और किस रणनीति के तहत टीम में शामिल करते हैं और क्या वह अपनी विस्फोटक फॉर्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दोहरा पाते हैं या नहीं। डेविड/ईएमएस 07 जून 2026