क्षेत्रीय
07-Jun-2026
...


- हादसों को रोकने के लिए नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, आयुक्त के निर्देश पर झोन-02 क्षेत्र में दो मकान पूरी तरह जमींदोज इंदौर (ईएमएस)। आगामी मानसून और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने शहर के जर्जर व दुर्घटना संभावित भवनों के खिलाफ सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। शनिवार को निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के कड़े निर्देश पर झोन-02 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जवाहर मार्ग पर रिमूवल (हटाने) की बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान क्षेत्र के दो अत्यंत जर्जर हो चुके मकानों को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया गया, वहीं एक अन्य भवन की खतरनाक गैलरी और पैरापेट वॉल को ढहा दिया गया। कार्रवाई के संबंध में नगर निगम के रिमूवल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर के घने और पुराने इलाकों में सालों पुराने जर्जर भवनों का लगातार सर्वे किया जा रहा है। इसी कड़ी में जवाहर मार्ग पर स्थित ये भवन काफी समय से बेहद खतरनाक स्थिति में थे, जिनसे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने का अंदेशा बना हुआ था। राहगीरों और आसपास के रहवासियों की सुरक्षा को देखते हुए ही शनिवार सुबह निगम का अमला जेसीबी, बुल्डोजर और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचा और सुव्यवस्थित तरीके से खतरनाक निर्माणों को हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। - चिन्हित खतरनाक मकानों पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई आयुक्त सिंघल ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। शहरभर में जितने भी जर्जर और जीर्ण-शीर्ण भवन चिन्हित किए गए हैं, उनके खतरनाक हिस्सों को हटाने या उन्हें पूरी तरह जमींदोज करने का अभियान लगातार जारी रहेगा। निगम ने मकान मालिकों से भी अपील की है कि वे अपने खतरनाक हो चुके निर्माणों को खुद ही ठीक करा लें या हटा लें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते टाला जा सके। - 07 जून 2026