क्षेत्रीय
07-Jun-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में आईफोन झपटकर भाग रहे दो झपटमारों को न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी सर्किल में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने करीब 200 मीटर तक पीछा करने के बाद दबोच लिया। पुलिसकर्मियों ने अपनी सतर्कता, साहस और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए दोनों आदतन झपटमारों को दबोच लिया। ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी से न केवल झपटमार भागने में असफल रहे, बल्कि स्थानीय पुलिस को अपराध सुलझाने में भी कामयाबी मिली। एडिशनल पुलिस कमिश्नर दिनेश कुमार गुप्ता के मुताबिक घटना बीते छह जून की है। सुबह करीब 11 बजे न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी ट्रैफिक सर्किल के एएसआई लताफत अली, हवलदार सूरज मल और सिपाही अमनीश कुमार मथुरा रोड स्थित सीआरआरआइ लालबत्ती पर ट्रैफिक संचालन कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आ रहे हैं, जिनकी हरकतें संदिग्ध लग रही थीं। उसी वक्त, बाइक से पुलिसकर्मियों द्वारा उनका पीछा करते दिखाई दिया। कुछ गड़बड़ होने का अंदेशा होने पर उन्होंने भी तुरंत झपटमारों का पीछा करना शुरू कर दिया। करीब 200 मीटर तक पीछा करने पर खुद को घिरा देखकर दोनों बदमाश अपनी बाइक सड़क किनारे छोड़कर पैदल भागने लगे लेकिन ट्रैफिक कर्मियों ने दोनों को धर दबोचा। इसी बीच पीछा कर रही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पकड़े गए बदमाशों की तलाशी लेने पर उनके पास से झपटे गए दो मोबाइल फोन बरामद हुए। - नई दिल्ली/ईएमएस/07/ जून /2026