07-Jun-2026
...


- भीषण गर्मी में मासूम को स्ट्रेचर पर माता-पिता खुद लेकर गये, डाक्टर ने कहा लाने की जरूरत नहीं थी इन्दौर (ईएमएस) प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल इन्दौर के एम वाय हास्पिटल में मरीजों के साथ होने वाले अमानवीय व्यवहार के मामलों में उस वक्त एक और मामला जुड़ गया जब एक पांच साल के मासूम बच्चे आदर्श को तपती दोपहर में उसकी मां ज्योति और पिता गोलू खुद ही स्ट्रेचर पर लेटा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल तक लेकर गये। इस दौरान बीमार मासूम को उसकी मां ज्योति अपनी साड़ी के पल्लू को भिगोकर छांव भी करतीं रहीं ताकि मासूम को गर्मी से राहत मिलती रहे। पांच साल का मासूम आदर्श रीढ़ की हड्डी की बीमारी के चलते एम वाय में भर्ती हैं। कल दोपहर में डॉक्टरों ने ज्योति और गोलू को आदर्श के इलाज की एक पर्ची देते कहा कि इसे लेकर सुपर स्पेशिएलिटी चले जाओ, इसके जब उन्हें स्ट्रेचर पर ले जाने वाला कोई नहीं मिला तो वे खुद ही बेटे को लेकर निकले और सुपर स्पेशिएलिटी पहुंचे। परंतु इस भीषण गर्मी में अपने मासूम को लेकर जब वे वहां तीसरी मंजिल पर पहुंचे तो वहां डाक्टरों की एक और गैर जिम्मेदाराना हरकत उजागर हो गई। सुपर स्पेशियलिटी के डाक्टरों ने उनसे कहा कि बेटे को यहां क्यों लाए, सिर्फ पर्चे लाना थे। जबकि पर्ची लिखने वाले एम वाय अस्पताल के डाक्टर ने पर्ची में ऐसा कुछ भी नहीं लिखा था और न ही उन्हें बताया था कि मरीज को ले जाना जरूरी है या नहीं। परेशान गोलू और ज्योति अपने मासूम को लेकर फिर एमवाय अस्पताल पहुंचे। मामले में डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया और एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने वहीं जांच करवाने का बयान दिया है। और कहा कि यदि कहीं व्यवस्था में कमी पाई जाती है तो उसे दुरुस्त किया जाएगा और मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। - 07 जून 2026