07-Jun-2026
...


- 55 ई-वाहनों के साथ स्त्री राइड शुरू - हैदराबाद में स्त्री राइड लॉन्च, पुलिस देगी सुरक्षा और ट्रेनिंग - महिलाओं को सुरक्षित सफर के साथ मिलेगा रोजगार हैदराबाद (ईएमएस)। महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेलंगाना पुलिस के वुमन सेफ्टी विंग ने एक बेहद खास और अनूठी पहल “स्त्री राइड” की शुरुआत की है। इस विशेष योजना का दोहरा उद्देश्य है—पहला, महिलाओं के लिए रोजमर्रा के सफर को पूरी तरह सुरक्षित बनाना और दूसरा, परिवहन (ट्रांसपोर्ट) के क्षेत्र में महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वुमन सेफ्टी विंग की महानिदेशक चारु सिन्हा ने इस योजना की पर बात की। उन्होंने बताया कि कई महिला यात्रियों ने सफर के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंताएं और अपनी परेशानियां साझा की थीं। उन्हीं फीडबैक को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, जो महिलाओं को सुरक्षित यात्रा का विकल्प देने के साथ-साथ उनके सशक्तिकरण का जरिया भी बनेगा। योजना के पहले चरण के तहत 50 महिला बाइक राइडर्स, चार महिला ऑटो चालकों और एक महिला कैब चालक को विशेष रूप से ट्रेनिंग दी गई है। फिलहाल इस कार्यक्रम को हैदराबाद के चार पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है। इन महिला चालकों को निजी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म और कंपनियों से जोड़ा जा रहा है, जिससे वे अपनी सुविधा के अनुसार काम करते हुए नियमित आय कमा सकेंगी। इस पहल को अमलीजामा पहनाने के लिए निजी संस्थाओं के सहयोग से 50 इलेक्ट्रिक स्कूटर और 5 इलेक्ट्रिक ऑटो भी उपलब्ध कराए गए हैं। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सी.वी. आनंद ने महिला ड्राइवरों का हौसला बढ़ाते हुए भरोसा दिया कि सड़क पर काम करते समय यदि उन्हें किसी भी तरह के उत्पीड़न या चुनौती का सामना करना पड़ता है, तो पुलिस विभाग चौबीसों घंटे उनकी सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहेगा। तेलंगाना पुलिस की योजना भविष्य में इस स्त्री राइड पहल को पूरे राज्य में विस्तार देने की है, जिसके तहत आने वाले समय में महिलाओं को लॉजिस्टिक्स, कार्गो और डिलीवरी सेवाओं से भी जोड़ा जाएगा। - ईएमएस 07 जून 2026